ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और अवैध मानव तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना सिरसा में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव माखोसरानी, थाना नाथूसरी चौपटा निवासी निवेश कुमार ने शिकायत दी थी कि उसकी मुलाकात सिरसा में आशीष नेहरा पुत्र संजय कुमार निवासी गांव कुतियांवाली, जिला हिसार से हुई थी। दोनों के बीच मित्रता हो गई और व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत होती रहती थी। अप्रैल 2025 में आशीष विदेश चला गया। शिकायत के अनुसार, आशीष ने निवेश को बताया कि हिसार के गांव बगला निवासी सोनू मेहरिया उसे थाईलैंड बॉर्डर पर एक कंपनी में डाटा ऑपरेटर की नौकरी दिलवा चुका है, जहां उसे 65 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिल रहा है। इसके बाद निवेश ने भी विदेश जाने की इच्छा जताई। आरोप है कि सोनू मेहरिया ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से बातचीत कर निवेश से पासपोर्ट की फोटो मंगवाई और इंटरव्यू के नाम पर 40 हजार रुपये जमा करवा लिए। बाद में उसे बैंकॉक (थाईलैंड) का टिकट भेजा गया और वीजा ऑन अराइवल का भरोसा दिया गया। 18 मई 2025 को निवेश दिल्ली एयरपोर्ट से बैंकॉक पहुंचा, लेकिन वहां उसे एक काली गाड़ी में बैठाकर जंगल के रास्ते म्यांमार सीमा पर ले जाया गया। म्यांमार पहुंचने के बाद उसे एक साइबर फ्रॉड कंपनी में जबरन काम करने के लिए मजबूर किया गया। पीड़ित के अनुसार, उसे सोशल मीडिया पर फर्जी लड़की की आईडी बनाकर लोगों से दोस्ती कर ठगी करने का काम सौंपा गया। काम से इंकार करने पर जेल भेजने की धमकी दी जाती थी। अक्टूबर 2025 में एक सैन्य बल द्वारा की गई रेड के दौरान कंपनी के लोग पीड़ितों को डोंगमई पार्क ले गए। करीब एक माह बाद पीड़ितों को छोड़ दिया गया, जिसके बाद वे किसी तरह म्यांमार के रास्ते भारतीय एम्बेसी पहुंचे। 7 जनवरी 2026 को भारतीय दूतावास की मदद से उन्हें भारत वापस लाया गया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना सिरसा में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी, मानव तस्करी और अवैध रूप से बंधक बनाकर काम करवाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आशीष नेहरा को हिसार से तथा सोनू मेहरिया को भी हिसार से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अन्य संभावित कड़ियों की भी पड़ताल की जा रही है।
