ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की सीआईए स्टाफ ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 266 ग्राम हेरोइन सहित एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सहारण ने बताया कि सीआईए स्टाफ सिरसा की टीम गश्त के दौरान गांव चक्क साहिबा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस वाहन को देखकर अचानक मुड़कर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरजिंदर सिंह उर्फ राजू पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गांव बिठीवाला, जिला मुक्तसर (पंजाब), हाल निवासी चक्क साहिबा, सिरसा के रूप में हुई है। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट से प्लास्टिक की पॉलिथीन में लिपटी 266 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सदर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच सदर थाना की मल्लेकां पुलिस चौकी को सौंप दी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हेरोइन पंजाब के लोहगढ़ क्षेत्र से लेकर आया था और सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड अवधि के दौरान नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। नशा तस्करों के नेटवर्क को तोड़ना और आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिरसा पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करते हुए सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
