
हनुमानगढ़। महिला पुलिस थाना में रविवार को पोक्सो एक्ट व बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज हुए मुकदमे में नामजद पूर्व पार्षद विकास रांगेरा पुत्र राजेन्द्र पाल मेघवाल निवासी वार्ड 56, जंक्शन ने राजनैतिक द्वेषता के चलते उन्हें प्रकरण में झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। विकास रांगेरा के अनुसार वह वार्ड 56 से निवर्तमान पार्षद है। विकास रांगेरा ने आरोप लगाया कि राजनैतिक द्वेषता के चलते किसी व्यक्ति की ओर से उसके खिलाफ 21 दिसम्बर को महिला पुलिस थाना में पोक्सो एक्ट के तहत झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया है। विकास रांगेरा के अनुसार दो पक्षों के मध्य कब्जाशुदा प्लाट को लेकर विवाद चल रहा है। वह जनप्रतिनिधि होने के नाते 20 दिसम्बर को वार्ड 55 में विवादित प्लाट/मौका पर गया था। इससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया। इसी के चलते उसके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया गया। जबकि इस मुकदमे में लगाए गए आरोपों से उसका कोई सरोकार नहीं है, वह बिल्कुल निर्दोष है। केवल मात्र राजनैतिक द्वेषता के कारण प्रभावशाली लोगों की ओर से दबाव बनाकर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर इस प्रकरण की जांच निष्पक्ष अधिकारी से करवाने की मांग की ताकि निर्दाेष के साथ किसी प्रकार से अन्याय न हो सके। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, पूर्व प्रधान सोहन ढिल, पूर्व उपसभापति अनिल खीचड़, पूर्व पार्षद गुरदीप चहल, रामेश्वर चांवरिया, रोहित जावा, शाहरूख, मनमोहन सोनी, रविन्द्र बेनीवाल, मोहनलाल इंदलिया, राकेश स्वामी, अल्लादिता इत्यादि मौजूद रहे।

