रावतसर। आगामी रामनवमी के पावन अवसर पर प्रस्तावित विराट धर्मयात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की प्रखंड स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक जिला उपाध्यक्ष राजेश जोशी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें नगर एवं प्रखंड के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक को संबोधित करते हुए जिला सत्संग प्रमुख जगदीश शास्त्री ने रामनवमी धर्मयात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सफल एवं विराट स्वरूप देने के लिए सुनियोजित व्यवस्थाएं, विभिन्न समितियों का गठन, प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक एकता, समर्पण और सक्रिय सहभागिता के साथ आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। बैठक में प्रखंड उपाध्यक्ष बंशीधर पारीक, बजरंग दल जिला सहसंयोजक सोनू सोनी, दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका बहन तुलसी, प्रखंड मंत्री शिवा स्वामी सहित पवन सेवटा, वीरू, संदीप मलखट, गजेंद्रपाल, मुकेश, सुमित, भोमपुरा राजू सहारण, सुनील शर्मा, मोहित सोनी एवं रोहित सोनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। सभी ने एक स्वर में धर्मयात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिली। वक्ताओं ने कहा कि इस वर्ष की रामनवमी धर्मयात्रा रावतसर के इतिहास में एक नया अध्याय लिखेगी। नगरवासियों में भी इस विराट आयोजन को लेकर व्यापक उत्साह देखा जा रहा है। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने रावतसर को पुनः भगवामय करने एवं रामनवमी धर्मयात्रा को पूर्ण सफलता दिलाने का संकल्प लिया। आयोजन समिति ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से यह यात्रा श्रद्धा, भक्ति और संगठनात्मक शक्ति की अद्भुत मिसाल बनेगी।
