हनुमानगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों, हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने 492.75 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की खरीद–फरोख्त, अवैध हथियार, जुआ, सट्टा, अवैध धंधे तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सभी थाना अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सघन गश्त, निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी हनुमानगढ़ मीनाक्षी के सुपरविजन में पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन की विशेष टीम का गठन किया गया। थानाधिकारी रामचंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 492.75 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनजीत सिंह पुत्र हरि सिंह मजबी सिख, उम्र 48 वर्ष, निवासी 25 बीडी पीएस खाजूवाला, जिला बीकानेर तथा बंटी पुत्र दिलबाग सिंह मजबी सिख, उम्र 28 वर्ष, निवासी 52 आर बी पीएस पदमपुर, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन लाया गया।पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 141/2026 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच थानाधिकारी पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ राकेश सांखला द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से अफीम की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक चुंका जैन, एएसआई चंद्रमान , कांस्टेबल बलदेव कुमार , कांस्टेबल ओमप्रकाश तथा कांस्टेबल आनंद डीआर शामिल रहे। टीम की तत्परता और सूझबूझ से की गई इस कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई गई है। आने वाले समय में भी इस तरह की सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके। हनुमानगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई न केवल नशा तस्करों के हौसले पस्त करने वाली है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
