हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र में तलवार से हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 6, कोहला निवासी सुनील पुत्र जगदीश ने थाना अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक का हाथ कटने की जानकारी दी गई है। शिकायत में बताया गया है कि सुनील के भाई नवीन की गांव में दुकान है।

घटना के दिन सुनील अपने दोस्त के साथ दुकान पर बैठा था। इसी दौरान धर्मवीर पुत्र जीत सिंह तथा नरेंद्र उर्फ गोलू पुत्र जीत सिंह हाथ में धारदार हथियार (तलवार) लेकर वहां पहुंचे और नवीन पर हमला कर दिया। हमले में नवीन के हाथ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रार्थना पत्र में आगे उल्लेख है कि बीच-बचाव करने आए संदीप पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया, जिससे उसकी कलाई कट गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से वार किए और बड़ी मुश्किल से जान बचाई जा सकी। घटना के बाद से आरोपी खुलेआम तलवार लेकर घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपियों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। इस संबंध में पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन से संपर्क करने पर अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।

