रावतसर। हनुमानगढ़ जिले के रावतसर में आगामी नगरपालिका एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनीष मक्कासर के साथ शहर में स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं की बैठक कर चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान शहरवासियों से आगामी चुनावों में कांग्रेस को मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान लोगों ने स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के सुझाव भी दिए। चर्चा के दौरान यह सहमति बनी कि जल्द ही एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि नगरपालिका और पंचायती राज चुनावों को ध्यान में रखते हुए वार्ड स्तर और गांव स्तर पर सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन सभाओं के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों, योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर संगठन को मजबूत करने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। इस अवसर पर शिव रैगर गहनोलिया, प्रदेश उपाध्यक्ष, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ ने कहा कि आगामी चुनावों में कांग्रेस मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड-वार्ड और गांव-गांव में जनसभाएं कर लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। बैठक में मौजूद शहरवासियों और कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस के पक्ष में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
