
हनुमानगढ़। ब्लॉसम एकेडमी की ओर से बुधवार को एनुअल स्पोर्ट्स मीट का आयोजन किया गया। यह आयोजन जयपुर स्टफ स्टेडियम में किया गया। स्पोर्ट्स मीट के दौरान खेल मैदान पर खिलाड़ियों में जबरदस्त ऊर्जा का संचार देखने को मिला। यहां खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिनमें छोटे से लेकर बड़े बच्चों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम में बनावटी गोरिल्ला आकर्षण का केन्द्र रहा। हालांकि अचानक गोरिल्ला को कार्यक्रम में देखकर कई बच्चे डर गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेश राज बंसल, रयान कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ. संतोष राजपुरोहित, सत्यपाल सहारण ने शिरकत की। अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष तिलकराज सुधाकर ने की। विधायक गणेश राज बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन में स्पोर्ट्स का बहुत महत्व है। मजबूत राष्ट्र के लिए युवाओं को मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने में स्पोर्ट्स का बहुत बड़ा योगदान है। खेल गतिविधियां बच्चों की कार्य शक्ति को दोगुना कर देती हैं। ब्लॉसम एकेडमी के निहित सुधाकर ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्पोर्ट्स महत्वपूर्ण चीज है। इससे बच्चे निखरकर आते हैं। उनका शारीरिक विकास होता है। इस तरह की गतिविधियां बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए फायदेमंद है। प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों ने विजेता प्रतियोगियों को पुरस्कार प्रदान किए।डायरेक्टर निहित सुधाकर व प्रिंसिपल मिनाक्षी ने कहा कि आगे भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे। स्टाफ ने भरपूर सहयोग दिया।

