हनुमानगढ़। शहर के फाटक गौशाला, किले के पास बरकत कॉलोनी क्षेत्र में 19 व 20 मार्च 2026 को श्री भक्तमाल कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। फाटक गौशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन कथा का आयोजन सुंदरकांड महिला मंडल, हनुमानगढ़ टाउन द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में भक्ति, समर्पण और आपसी प्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। कथा का प्रवचन साध्वी मां चैतन्य मीरा के मुखारविंद से होगा। उनके प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन को आनंदमयी और भक्तिमयी बनाने की प्रेरणा मिलेगी। कथा के दौरान भगवान हनुमान के चरित्र के साथ-साथ महान कृष्ण भक्त नरसिंह मेहता के जीवन प्रसंगों का भी भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा, जिसे संगीतमय सत्संग के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि श्री भक्तमाल कथा समर्पण और प्रेम का अद्भुत संगम है, जिसमें श्रद्धालुओं को भक्ति रस, आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया। आयोजकों के अनुसार, कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यह आयोजन हनुमानगढ़ टाउन के धार्मिक एवं सांस्कृतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा, जहां श्रद्धालु भक्ति, संगीत और सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति करेंगे।
