नोहर, 13 मार्च। सुमित्रा देवी एवं मुरलीधर सरावगी की स्मृति में 15 मार्च को नोहर की अग्रसेन धर्मशाला में निशुल्क चिकित्सा एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजक घनश्याम गुप्ता ने बताया कि शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर के दौरान मरीजों की विभिन्न प्रकार की जांच भी निशुल्क की जाएगी। उन्होंने बताया कि चिकित्सा शिविर में डॉ. गुरु कमल सिंह, डॉ. मुदास्सिर अमीन, डॉ. आकाशदीप गोयल, डॉ. धर्मवीर कस्वां, डॉ. सुभाष सिहाग, डॉ. सरोज जाखड़ सिहाग, डॉ. याकूब मोहम्मद, डॉ. रजनीश तथा आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. सांवरमल सहित अन्य चिकित्सक अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की कार्यकारी अध्यक्ष शीला शेखावत तथा मंगेज चौधरी अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। घनश्याम गुप्ता ने बताया कि शिविर में पंजीकृत मरीजों को एक वर्ष के लिए निशुल्क स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किए जाएंगे। इस कार्ड के माध्यम से मरीज नोहर स्थित जयपुर हॉस्पिटल में विभिन्न जांच और ओपीडी सेवाओं का लाभ मुफ्त में ले सकेंगे। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती मरीजों को ट्रस्ट की ओर से भोजन तथा दूध-दलिया भी निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने और स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है।
संवाददाता- संतोष
