-दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
ऐलनाबाद। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सिरसा में आयोजित 55वीं दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिनमें विद्यार्थियों ने दमखम दिखाते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। लड़कों की ट्रिपल जंप प्रतियोगिता में श्याम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जशन नागपाल द्वितीय और चिराग तृतीय स्थान पर रहे। 100 मीटर दौड़ में रजत शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि जोबन दूसरे और श्याम तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में भी रजत शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जोबन द्वितीय तथा श्याम तृतीय स्थान पर रहे।

भाला फेंक प्रतियोगिता में अनिल कुमार ने प्रथम, गुरप्रीत सिंह ने द्वितीय और चंदन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की शॉटपुट प्रतियोगिता में मोनिका ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में सरीना द्वितीय और रितु तृतीय स्थान पर रहीं। लड़कों की 1500 मीटर दौड़ में जोबन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राघव शर्मा द्वितीय और उत्तम कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

लड़कियों की 100 मीटर दौड़ में कशिश प्रथम, मोनिल कंबोज द्वितीय और मोनिका तृतीय स्थान पर रहीं। लड़कों की 400 मीटर हीट फाइनल में रजत शर्मा ने प्रथम, उत्तम ने द्वितीय और राजन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 4×400 मीटर अंतर-शाखा रिले दौड़ में मैकेनिकल शाखा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इलेक्ट्रिकल शाखा द्वितीय और कृषि इंजीनियरिंग शाखा तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ-साथ संस्थान के स्टाफ सदस्यों ने भी रस्साकशी प्रतियोगिता में भाग लेकर उत्साह बढ़ाया। समारोह के दौरान संस्थान की छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति देते हुए पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर संस्थान प्रशासन ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवाददाता- रमेश भार्गव
