संगरिया। जिला माहेश्वरी महिला मंडल हनुमानगढ़ की नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से संपन्न हुआ। आयोजित निर्वाचन प्रक्रिया में पीलीबंगा निवासी निर्मला पेड़ीवाल को जिलाध्यक्ष तथा निर्मला चांडक को जिला सचिव पद के लिए निर्वाचित किया गया। नई कार्यकारिणी का गठन समाज की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और आपसी सहमति के साथ किया गया। निर्वाचन अधिकारी उत्तर राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी महिला मंडल की संगठन मंत्री सुनीता डागा (सरदारशहर) तथा चुनाव पर्यवेक्षक चूरू जिलाध्यक्ष राजकुमारी लखोटिया की देखरेख में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि सभी पदों पर चुनाव सर्वसम्मति से हुए, जो समाज में एकता और संगठन की भावना को दर्शाता है। कार्यक्रम के दौरान वर्तमान जिलाध्यक्ष संजू लखोटिया और जिला सचिव निधि लखोटिया ने निर्वाचन अधिकारी और जिले भर से आए प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिला मंडल समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में कार्य करता रहेगा। पश्चिमांचल की सहप्रभारी हंसा चितलांगिया ने निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कार्यकाल तीन वर्ष का रहेगा, जो वर्ष 2026 से 2029 तक प्रभावी रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में नई पहल करेगी। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष निर्मला पेड़ीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के संस्कारों और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाए रखना मंडल की प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं और युवतियों के लिए शिक्षा, संस्कार और व्यक्तित्व विकास से जुड़े नए कार्यक्रम शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिला मंडल समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। इस अवसर पर पीलीबंगा महिला मंडल की अध्यक्ष कुसुम मूंधड़ा और प्रज्ज्वल राठी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में कई पदाधिकारियों और सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा। कपिल करवा ने जानकारी दी कि निर्वाचन कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
संवाददाता- कपिल करवा
