हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी के विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की रंगोत्सव सेलिब्रेशन आर्ट प्रतियोगिता 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एलबी सुब्बा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित 27 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित प्रात:कालीन सभा में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए ट्रॉफी, मेडल तथा पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में मिलन पंवार (कक्षा 4ए) और शिव्यांश (एलकेजी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और ट्रॉफी सहित विशेष पुरस्कार हासिल किए। वहीं नव्या वर्मा (कक्षा 5ए) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लव्यकाश भादू (कक्षा 1बी) ने चतुर्थ स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट रचनात्मकता के लिए आर्ट माएस्ट्रो अवार्ड से स्नेहा (8बी), वंशिका (1ए), गुरजोत सिद्धू (7बी), हर्षिता शक्य (4बी) और गुरनूर कौर (6बी) को सम्मानित किया गया। वहीं क्रिएटिव आर्टिस्ट अवार्ड के अंतर्गत दिक्षिता, मोहदीप सिंह, परिधा और नैन्सी को अंतरराष्ट्रीय मेडल प्राप्त हुआ। दृष्टि बत्रा, जैसमीन कौर, हरगुन कौर, मान्या शर्मा, हरवीर, हुनर शर्मा, हृषिका, विनीता और मायरा ने भी अंतरराष्ट्रीय मेडल जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगाए। सांत्वना पुरस्कार के रूप में हरमन सिंह सिद्धू, कार्तिक, गुनगुन, तबिश अली और पलक सुथार को सरप्राइज गिफ्ट प्रदान किए गए। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के लिए मार्गदर्शन देने वाले शिक्षक डॉ. जगसीर सिंह को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए टीचर एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य एलबी सुब्बा ने सभी विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता, मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन ने विद्यालय को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि संस्कार इंटरनेशनल अकादमी हमेशा विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
