हनुमानगढ़। मोहनमगरिया शाखा डाकघर में सरकारी राशि के कथित गबन के मामले में टाउन थाना पुलिस ने एक डाक कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला श्रीगंगानगर डाक मंडल की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार रावतसर उपखंड के डाक निरीक्षक नरेश कुमार मीणा (48) पुत्र रघुवीर प्रसाद मीणा निवासी वार्ड 20, शाहपुरा जिला जयपुर ग्रामीण ने अधीक्षक डाकघर, श्रीगंगानगर मंडल की ओर से भेजी गई रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि मोहनमगरिया शाखा डाकघर में कार्यरत रहे तत्कालीन शाखा डाकपाल पवन कुमार, जो वर्तमान में तलवाड़ा झील उपडाकघर में डाक सेवक के पद पर कार्यरत हैं, ने अपने कार्यकाल 6 अप्रैल 2023 से 24 दिसम्बर 2024 के दौरान सरकारी राशि का दुर्विनियोजन किया। रिपोर्ट के अनुसार 18 दिसम्बर 2024 को डाक निरीक्षक की ओर से मोहनमगरिया शाखा डाकघर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शाखा डाकघर के लेन-देन का मिलान करने पर 1 लाख 84 हजार 708 रुपए की नकद राशि शाखा डाकपाल के पास उपलब्ध होनी चाहिए थी, लेकिन वह राशि मौके पर प्रस्तुत नहीं की जा सकी। बताया गया कि उस दिन शाखा डाकघर में प्रारंभिक अतिशेष राशि 1 लाख 74 हजार 703 रुपए थी। इसके अतिरिक्त 20 हजार रुपए आईपीपीएस में जमा किए गए थे तथा 10 हजार रुपए लेखा कार्यालय को भेजे जाने का उल्लेख था। इन लेन-देन के बाद कुल 1 लाख 84 हजार 708 रुपए की राशि उपलब्ध होना आवश्यक था, लेकिन निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारी उक्त नकदी का हिसाब प्रस्तुत नहीं कर सका। मामले को सरकारी धन के दुर्विनियोजन और गबन का मानते हुए टाउन थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक किशोर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
