हनुमानगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हरिद्वार स्थित अखंड दया धाम आश्रम में आयोजित हुई। राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से संगठन के पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, नागरिक एवं मातृशक्ति शामिल हुई। हनुमानगढ़ से संगठन की महिला जिलाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने जिले का नेतृत्व करते हुए महिला जिला कार्यकारिणी की ओर से समाजहित में किए जा रहे कार्यां की जानकारी दी। अधिवेशन में अग्रवाल समाज को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से मजबूत करने, संगठन का जिला एवं तहसील स्तर तक विस्तार करने तथा भावी पीढ़ी को नेतृत्व के लिए तैयार करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अधिवेशन के दौरान संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल को समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड ऑफ यूके, लंदन की ओर से सम्मानित किया गया। वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड ऑफ यूके के इंडियन चैप्टर के पदाधिकारी सुमित सिंगला ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल, महामंत्री राजेश भारूका, संरक्षक एवं पूर्व सांसद सुशील गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों ने प्रदीप मित्तल को बधाई दी। सुमित सिंगला ने कहा कि समाज को संगठित करने, सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में प्रदीप मित्तल के प्रयास महत्वपूर्ण हैं। प्रदीप मित्तल ने समाज को एकजुट एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन को जिला एवं तहसील स्तर पर मजबूत करने, युवाओं के लिए रोजगार, प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी और वैवाहिक परिचय वेबसाइट जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही प्री-वेडिंग शूट जैसी कुरीतियों को समाप्त करने तथा तलाक के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए काउंसलिंग प्रकोष्ठ गठित करने पर मंथन किया गया। 14 नवंबर को दिल्ली में महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड समारोह आयोजित करने का निर्णय भी चर्चा का विषय रहा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से हनुमानगढ़ की महिला जिलाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
