हनुमानगढ़। राजस्थान दिवस समारोह 2026 के उपलक्ष्य में शनिवार को जंक्शन के सुरेशिया स्थित महाराणा प्रताप सर्किल के निकट स्वच्छता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित सहू, विकास गुप्ता, राजेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने झाड़ू लगाकर और फावड़ा चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह ऐसा कार्य करे जिससे समाज और वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें और खाद्य सामग्री के सेवन के बाद कचरा इधर-उधर फेंकने की बजाय कचरा पात्र में डालने की आदत विकसित करें, ताकि आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने बताया कि राजस्थान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। स्वच्छता अभियान भी इन्हीं कार्यक्रमों का हिस्सा है, जो जनता के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि अमित चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत अभियान आज जन आंदोलन का रूप ले चुका है। स्वच्छता केवल सड़कों और नालियों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 और विकसित राजस्थान 2047 का सपना तभी साकार होगा, जब हर घर, गली और सार्वजनिक स्थल स्वच्छ होंगे। कार्यक्रम में जिला परिषद सीईओ ओ.पी. बिश्नोई, जनप्रतिनिधि ओम सोनी व विकास गुप्ता, लेखाधिकारी कृष्ण कुमार शर्मा, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव, डिस्कॉम एसई रिछपाल चारण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता उपनिदेशक विक्रम सिंह, एसीईओ सुनील छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी, महिलाएं और आमजन उपस्थित रहे।



कल होगा विकसित राजस्थान रन का आयोजन
राजस्थान दिवस समारोह के तहत 15 मार्च, रविवार को सुबह 6 बजे जिला मुख्यालय पर ‘विकसित राजस्थान रनÓ का आयोजन किया जाएगा। शासन सचिव, आयोजना (समन्वय) विभाग के निर्देशानुसार यह दौड़ राजीव गांधी स्टेडियम, जंक्शन से शुरू होकर परशुराम चौक, जिला कलक्ट्रेट और सिविल लाइंस चौक होते हुए पुन: राजीव गांधी स्टेडियम में समाप्त होगी। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
