– 72 किलोमीटर कंडेक्टर व 150 किलोमीटर एबी केबल हुई खराब, विद्युत निगम की टीमें दिन-रात जुटीं
हनुमानगढ़। इस वर्ष आंधी-तूफानों ने जिले की विद्युत व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया है। अप्रैल से लगातार सक्रिय प्री-मानसून गतिविधियों के चलते बिजली निगम को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। पिछले डेढ़ माह में आए कई तूफानों के कारण जिलेभर में करीब 4500 विद्युत पोल टूट चुके हैं, जबकि 600 से अधिक ट्रांसफार्मर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा 72 किलोमीटर कंडेक्टर और लगभग 150 किलोमीटर एबी केबल भी खराब हो चुकी है। विद्युत विभाग के अनुसार आंधी-तूफानों का सिलसिला अप्रैल माह से ही शुरू हो गया था। 1 अप्रैल से 7 मई के बीच आए तूफानों में करीब 1000 बिजली पोल टूट गए, जबकि लाइटनिंग की वजह से दो पावर ट्रांसफार्मर जल गए। इसके साथ ही कृषि कनेक्शनों की 123 डिपियां गिर गईं, जिससे 222 फीडर प्रभावित हुए और करीब 21 किलोमीटर कंडेक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। विभागीय टीमों और ठेकेदारों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी थी।

इसके बाद 30 मई को आए भीषण तूफान ने फिर से बिजली नेटवर्क को झकझोर दिया। इस दौरान 33 केवी लाइनों के 21 पोल तथा 11 केवी लाइनों के करीब 1200 पोल टूट गए। वहीं कृषि कनेक्शनों की 166 डिपियां गिर गईं और लगभग 5 किलोमीटर कंडेक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। विभाग ने एफआरटी और ठेकेदारों के सहयोग से अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी थी। लेकिन इसके बाद 4 जून, 6 जून, 9 जून, 11 जून और 12 जून को आए लगातार तूफानों ने फिर से बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। विभागीय टीमों ने दिन-रात मेहनत कर रेलवे श्रेणी, अस्पतालों, पेयजल परियोजनाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं की बिजली आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर चालू रखा। इसके बावजूद कई दूरस्थ ढाणियों और कृषि क्षेत्रों में अभी भी बिजली बहाली का कार्य जारी है। स्थिति और चुनौतीपूर्ण तब हो गई जब 15 जून, सोमवार को एक बार फिर तेज आंधी-तूफान ने दस्तक दे दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस तूफान में भी 4 से 5 ट्रांसफार्मर गिरने और कई पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है।

रिस्टॉलेशन कार्य युद्धस्तर पर जारी : एसई
जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता रिछपाल सिंह चारण ने बताया कि विभाग की टीमें लगातार फील्ड में कार्य कर रही हैं। वर्तमान में करीब 25 से 30 डिपियां अभी भी गिरी हुई हैं, जिनका रिस्टॉलेशन कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन दिनों में शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लगातार आ रहे तूफानों के कारण विभाग को अभूतपूर्व नुकसान हुआ है, लेकिन सभी कर्मचारियों और तकनीकी टीमों की मदद से जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
