हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित तस्कर के रिहायशी मकान के आगे किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई ग्राम पंचायत नवां के सहयोग से की गई। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार, अवैध हथियारों की तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही वांछित अपराधियों की धरपकड़ और गैंगस्टर व उनके सहयोगियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश सभी पुलिस अधिकारियों को दिए गए हैं। इसी अभियान की कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद तथा वृताधिकारी हनुमानगढ़ मीनाक्षी के निकटतम सुपरविजन में हनुमानगढ़ जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पंचायत नवां के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार नवां ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 7 निवासी सन्नी पुत्र संजीव कुमार माली (28) के खिलाफ नशा तस्करी, आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट सहित करीब सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोप है कि उसने अपने रिहायशी मकान के आगे अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा था। पुलिस और ग्राम पंचायत की संयुक्त कार्रवाई में इस अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिले में कानून का राज कायम रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि नशा तस्करों और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की प्राथमिकता जिले को नशामुक्त बनाना और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि उनके आसपास नशा तस्करी, अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त या अन्य किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि समाज के सहयोग से ही अपराध और नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से पुलिस लगातार जनसहभागिता बढ़ाने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दे रही है।
