हनुमानगढ़। टाउन स्थित आबकारी विभाग कार्यालय में शनिवार को होली का पर्व हर्ष, उल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। विभागीय परिसर में आयोजित होली मिलन समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। सभी ने पारंपरिक अंदाज में रंग-गुलाल से होली खेली और मधुर संगीत की धुनों पर उत्सव का आनंद लिया। पूरा परिसर रंगों की छटा और उत्साह से सराबोर नजर आया। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक पर्व है, जो आपसी मतभेदों और दूरियों को मिटाकर लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल आनंद का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर भी हैं। अधिकारियों ने कर्मचारियों से सुरक्षित और मर्यादित तरीके से होली मनाने की अपील की। साथ ही आमजन से भी नशामुक्त और शांतिपूर्ण होली मनाने का संदेश देते हुए सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन पर बल दिया। इस मौके पर जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी, सहायक आबकारी अधिकारी मधु उज्ज्वल, हनुमानगढ़ आबकारी निरीक्षक प्रिन्सदीप कौर, नोहर आबकारी निरीक्षक आशीष स्वामी, भादरा आबकारी निरीक्षक मांगीलाल, संगरिया आबकारी निरीक्षक पवन रेगर, आबकारी निरोधक दल संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह एवं शिवराज सिंह शेखावत सहित कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
