रावतसर। इंदिरा गांधी नहर परियोजना विभाग में कार्यरत कर्मचारी देवीलाल चौकीदार के सेवानिवृत्त होने पर विभाग के उच्च अधिकारियों एवं समस्त स्टाफ की ओर से सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें माला पहनाकर एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विभागीय अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि देवीलाल ने अपने पूरे सेवाकाल में समय के पाबंद और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी के रूप में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी नहर संचालन, गेट ऑपरेशन सहित विभाग के विभिन्न दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया। अधिकारियों ने कहा कि इतने वर्षों तक बेदाग और समर्पित सेवा देना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। समारोह में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने देवीलाल को उनके सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। सेवानिवृत्ति के अवसर पर परिवार की ओर से भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जयमाला कार्यक्रम, केक कटिंग और प्रीतिभोज का आयोजन हुआ। इस दौरान परिवारजन, रिश्तेदारों और मित्रों ने देवीलाल को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके सेवाकाल की सराहना की।
