– अब तक जिले में 1828 बच्चियां हुई टीकाकृत
हनुमानगढ़। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार 15 मई को जिलेभर में आयोजित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण विशेष अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अभियान के तहत जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को लक्षित करते हुए व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया गया। जिले में शुक्रवार को 539 बच्चियों ने एचपीवी वैक्सीनेशन करवाया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलेभर में बनाए गए 71 वैक्सीनेशन साइट्स पर सुव्यवस्थित ढंग से टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए, जहां कुल 539 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। उन्होंने बताया कि यह अभियान बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के दौरान चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीमों ने पूरी तत्परता के साथ कार्य किया। प्रत्येक वैक्सीनेशन साइट पर आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे कोल्ड चैन, एईएफआई किट, स्वच्छ वातावरण, अल्पाहार, पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी, जिससे टीकाकरण प्रक्रिया सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सम्पन्न हो सकी। डॉ. शर्मा ने बताया कि अभियान से पूर्व विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं, जिसका सकारात्मक परिणाम टीकाकरण दिवस पर देखने को मिला। अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी बेटियों को टीकाकरण के लिए भेजा।

जनप्रतिनिधियों भी हुए शामिल
डॉ. शर्मा ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक सहित अनेक जनप्रतिनिधि टीकाकरण सत्र में शामिल हुए तथा चिकित्सा संस्थानों में टीकाकरण करवा रहे बच्चियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने आमजन से अपील की कि जिले की समस्त बच्चियों का समय पर टीकाकरण हो ताकि वे भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से समय रहते निजात पा सकें।

हनुमानगढ़ में लगे सबसे अधिक टीके
आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी ने बताया कि खण्ड हनुमानगढ़ में आज सबसे अधिक बच्चियों का एचपीवी वैक्सीनेशन किया गया। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ में 201, भादरा में 86, नोहर में 48, पीलीबंगा में 30, रावतसर में 80, टिब्बी में 30 एवं संगरिया में 55 बच्चियों का वैक्सीनेशन किया गया।


