हनुमानगढ़। अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक उम्मेदी लाल मीणा ने मंगलवार को जंक्शन स्थित दुर्गा कॉलोनी में चल रहे विकास कार्यांे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पार्क और पुलियों का मौके पर जाकर जायजा लिया तथा निर्माण कार्यांे की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक उम्मेदी लाल मीणा ने ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यांे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ताकि आमजन को लंबे समय तक इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान मौजूद निवर्तमान वार्ड पार्षद एवं भाजयुमो जिला महामंत्री हिमांशु महर्षि ने बताया कि नगर परिषद प्रशासक उम्मेदी लाल मीणा के प्रयासों से दुर्गा कॉलोनी में लंबे समय से लंबित विकास कार्यांे को गति मिली है। उन्होंने कहा कि वर्षांे से बंद पड़ी पुलियों के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। महर्षि ने बताया कि कॉलोनी के वर्षांे पुराने पार्क का भी नए स्वरूप में विकास किया जा रहा है। पार्क की दिशा और डिजाइन में आवश्यक बदलाव किए गए हैं तथा निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही इसका लोकार्पण कराया जाएगा।
भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे वार्डवासी
जंक्शन स्थित वार्ड नंबर 18 की दुर्गा कॉलोनी में पिछले करीब एक वर्ष से बंद पड़े ट्रांसफॉर्मर को पुन: चालू कराने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में नगर परिषद के निवर्तमान पार्षद एवं भाजयुमो जिला महामंत्री हिमांशु महर्षि के नेतृत्व में वार्डवासियों ने मंगलवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। हिमांशु महर्षि ने बताया कि पिछले वर्ष सीवरेज कार्य के दौरान ट्रांसफॉर्मर की अंडरग्राउंड केबल कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके कारण केबल पूरी तरह फॉल्ट हो गई और ट्रांसफॉर्मर बंद पड़ा है। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है तथा भीषण गर्मी के मौसम में वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि क्षतिग्रस्त अंडरग्राउंड केबल को बदलकर नई केबल बिछाई जाए और बंद पड़े ट्रांसफॉर्मर को जल्द से जल्द पुन: चालू किया जाए, ताकि वार्ड नंबर 18 के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके और उन्हें राहत मिल सके।
