- स्वीप गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान और मतदाता पंजीकरण के प्रति किया जाएगा जागरूक
हनुमानगढ़। पंचायतीराज चुनाव-2026 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को राजकीय नेहरू मेमोरियल पीजी महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाऊन में इलेक्शन लिटरेसी क्लब (ईएलसी) पार्क की स्थापना की गई। प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया के निर्देशन में स्थापित इस पार्क के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्राचार्य प्रो. अहरोदिया ने विद्यार्थियों को स्वीप कार्यक्रम की महत्ता बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि जिले के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में ईएलसी पार्क के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने मताधिकार के उपयोग तथा निष्पक्ष, स्वतंत्र और नैतिक मतदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी। महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी श्री अनमोल कुमार शर्मा ने बताया कि ईएलसी पार्क की स्थापना से परिसर में मतदाता जागरूकता संबंधी गतिविधियों को नियमित रूप से प्रोत्साहन मिलेगा। इसके तहत पोस्टर प्रदर्शन, नारा लेखन, मतदाता शपथ, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, भाषण और परिचर्चा जैसी गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ समाज के अन्य वर्गों तक भी निर्वाचन संबंधी जागरूकता पहुंचाई जाएगी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को लोकतंत्र को सशक्त बनाने और मतदान प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर किरण ढिल्ल, डी.आर. स्वामी, ममता, सहायक आचार्य विजय सिंह, खेल प्रशिक्षक श्री अवतार सिंह सहित एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
