हनुमानगढ़। एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों में करीब पांच साल से फरार चल रहे वांछित आरोपी को हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से कुल 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध गतिविधियों एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई के नेतृत्व में एएसआई मनीष कुमार एवं कांस्टेबल साहबराम की टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी पुन्नाराम उर्फ फौजी पुत्र उगराराम बिश्नोई निवासी बिश्नोइयों की ढाणी, पांचला सिद्वा पीएस खींवसर को गिरफ्तार किया। आरोपी 2021 में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों में वांछित था और करीब पांच वर्षांे से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर दोनों प्रकरणों में 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार 11 अक्टूबर 2021 को टाउन पुलिस थाना की एसआई शालू बिश्नोई के नेतृत्व में गठित तत्कालीन टीम ने वाहन सवार आरोपी विकास गोदारा पुत्र रामसिंह जाट निवासी हरीपुरा पीएस साहवा जिला चूरू को 140 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित गिरफ्तार किया था, जिस पर प्रकरण दर्ज किया गया था। इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में आरोपी दीनदयाल उर्फ दीनू पुत्र लिच्छूदास जाखड़ निवासी केलास पीएस तारानगर जिला चूरू को 80 किलोग्राम डोडा पोस्त एवं वाहन सहित गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया गया था। दोनों मामलों के अनुसंधान के दौरान आरोपी पुन्नाराम उर्फ फौजी की भूमिका सामने आने पर उसे वांछित घोषित किया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम में एएसआई मनीष कुमार एवं कांस्टेबल साहबराम शामिल रहे।
