– सूरतगढ़ सुपर थर्मल पावर स्टेशन का किया औद्योगिक भ्रमण
हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के पॉलिटेक्निक एवं बी टेक के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को सूरतगढ़ स्थित सुपर थर्मल पावर स्टेशन का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान पावर प्लांट के इंजीनियरों ने छात्र-छात्राओं को कोयला हैंडलिंग सिस्टम, बॉयलर, टरबाइन तथा बिजली उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। छात्र-छात्राओं ने प्रत्यक्ष रूप से देखा कि किस प्रकार कोयले से उत्पन्न ऊष्मा ऊर्जा को टरबाइन के माध्यम से यांत्रिक ऊर्जा में परिवर्तित किया जाता है और बाद में इसे विद्युत ऊर्जा में बदलकर बिजली का उत्पादन किया जाता है। इस मौके पर प्लांट अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षा मानकों, पर्यावरण संरक्षण उपायों तथा आधुनिक तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से प्लांट की कार्यक्षमता बनाए रखते हुए पर्यावरणीय संतुलन का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि छात्र-छात्राओं को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से भी परिचित कराया जाना चाहिए। ऐसे भ्रमण छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, जिससे उनकी तकनीकी समझ, कौशल और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भट्ट व डॉ. कुलवंत सिंह ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण से छात्र-छात्राओं को उद्योगों में उपयोग होने वाली वास्तविक तकनीकों और प्रक्रियाओं को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है। इस औद्योगिक भ्रमण के सफल आयोजन में इंडस्ट्रियल विजिट कोऑर्डिनेटर विक्रम मंगवाना, सुमित कुमार, नितिन मीणा और मनोज जोशी का विशेष सहयोग रहा। वहीं पावर प्लांट की ओर से एईएन अर्जुन जोइया तथा जेईएन शुभम कपूर ने छात्र-छात्राओं को प्लांट का भ्रमण करवाया और विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। छात्र-छात्राओं ने पावर प्लांट के कंट्रोल रूम और कूलिंग सिस्टम का भी अवलोकन किया, जिससे उन्हें बिजली उत्पादन और वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया को गहराई से समझने का अवसर मिला।
