हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित सामुदायिक अजाक भवन में शुक्रवार को बहुजन समाज के प्रमुख चिंतक एवं सामाजिक परिवर्तन के प्रणेता साहेब कांशीराम की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने साहेब कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके सामाजिक योगदान, संघर्ष तथा विचारों को याद किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज में समानता, सामाजिक न्याय और जागरूकता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं अजाक संघ अध्यक्ष रेवंतराम पंवार, सुमेर सिंह, देवीलाल मेहरड़ा और रामस्वरूप बौद्ध ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि साहेब कांशीराम ने अपने जीवन में वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सामाजिक असमानता के खिलाफ आवाज उठाते हुए समाज के लोगों को संगठित होने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि साहेब कांशीराम के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उनके संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन के प्रयासों से प्रेरणा लेकर समाज में शिक्षा, समानता, भाईचारे और जागरूकता को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। इस दौरान विजय कुमार, प्रेम कुमार, रुप सिंह बावरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी उपस्थित लोगों ने साहेब कांशीराम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक एकता और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में साहेब कांशीराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में जागरूकता बढ़ाने की भावना भी व्यक्त की गई। कार्यक्रम श्रद्धांजलि और सामाजिक चेतना के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
