हनुमानगढ़। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मक्कासर के विद्यार्थियों ने 31वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने कुश्ती और हैंडबॉल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता एवं उपविजेता टीम के गुरुवार को विद्यालय पहुंचने पर शाला परिवार की ओर से स्वागत किया गया। 17 वर्षीय कुश्ती प्रतियोगिता के 71 किलोग्राम वर्ग में कक्षा 11वीं के छात्र विनोद पुत्र जगसीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चक हीरासिंहवाला में आयोजित हैंडबॉल प्रतियोगिता में मक्कासर विद्यालय की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के चार खिलाड़ियों साहिल, राहुल गोदारा, कर्ण और विनोद का आगामी राज्य स्तरीय टीम के लिए चयन हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। विद्यालय पहुंचने पर शाला प्रधान विमला एवं विद्यालय स्टाफ ने खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों अनिता, प्रियंका शर्मा, शारीरिक शिक्षक मुकेश कुमार, कुश्ती प्रशिक्षक सुक्खा सिंह एवं अभिभावकों का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य मोनिका बजाज ने विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना की। शाला प्रधान विमला ने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी तथा टीम प्रभारियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएमसी सदस्य सुखचैन सिंह एवं ललिता देवी मौजूद रहे। इस दौरान रितु भाकर, पारस कुमार, राजेन्द्र कुमार, रामकुमार, पुष्पा, सर्वजीत कौर, तनुजा चतुर्वेदी, कविता, लक्ष्मी, शिवा शर्मा और विजयलक्ष्मी सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन अमनदीप ने किया। विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों एवं टीम प्रभारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
