–दिल्ली कूच पर रोक, गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों और पुलिस में तीखी नोकझोंकगाजीपुर बॉर्डर पर 20 मिनट तक हंगामा, किसानों को समझाकर लौटाया
गाजियाबाद। भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट तक कूच के आह्वान के बीच गाजियाबाद के गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। करीब 20 मिनट तक मौके पर गहमा-गहमी का माहौल रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, देशभर के किसानों ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली स्थित किसान घाट तक मार्च का आह्वान किया था। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसान दिल्ली के लिए रवाना हुए। किसानों के दिल्ली पहुंचने की संभावना को देखते हुए गाजीपुर बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग कर किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान कुछ किसान बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे, जिससे पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की और उन्हें शांत कराया। इसके बाद किसानों को वापस भेज दिया गया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर/ट्रैफिक) राज करन नैयर ने बताया कि दिल्ली से सटे यूपी गेट, लोनी समेत छह बॉर्डर पॉइंट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। किसानों को समझाने के बाद उन्हें वाहनों से वापस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि यूपी गेट सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 700 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। वहीं, ट्रैफिक व्यवस्था की निगरानी के लिए एक एसीपी, तीन इंस्पेक्टर और एक एडिशनल डीसीपी को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
