अलवर। दिल्ली में मंगलवार शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार रात अलवर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नंगली सर्किल पर प्रदर्शन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई तथा किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में धांधली से मेहनती छात्रों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया तथा राहुल गांधी के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। उनके अनुसार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वालों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से जनता में आक्रोश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। जूली ने कहा कि यदि नीट पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई और छात्रों को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस आंदोलन को और व्यापक करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
