- 150 पुलिसकर्मियों ने 50 चिन्हित युवकों के ठिकानों पर की तलाशी, 15 युवक दस्तयाब- आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग कनेक्शन को लेकर पूछताछ जारी
हनुमानगढ़। गैंगस्टरों और विभिन्न आपराधिक गिरोहों से जुड़े लोगों के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस ने शुक्रवार अलसुबह बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एटीएस/एजीटीएफ/एएनटीएफ) राजस्थान जयपुर दिनेश एमएन एवं उपमहानिरीक्षक पुलिस (एजीटीएफ/एटीएस) योगेश यादव के आदेशानुसार एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) जयपुर और हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से जिले में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कुल 20 पुलिस टीमों के करीब 150 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। टीमों ने अलसुबह एक साथ कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों एवं विभिन्न आपराधिक गिरोहों से जुड़े 50 चिन्हित युवकों के ठिकानों पर दबिश देकर तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार दबिश के दौरान 15 युवक अपने-अपने ठिकानों पर मौजूद मिले। सभी को राउंडअप कर पुलिस थानों पर लाया गया है। उनसे उनके आपराधिक रिकॉर्ड, वर्तमान गतिविधियों तथा विभिन्न आपराधिक गिरोहों से कथित संबंधों को लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एजीटीएफ, ईआरटी, डीएसटी और कालिका यूनिट ने संभाला मोर्चा
अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ शर्मा के सुपरविजन तथा उप पुलिस अधीक्षक एजीटीएफ जयपुर रविन्द्र प्रताप के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसमें एजीटीएफ जयपुर, ईआरटी टीम तृतीय बटालियन आरएसी जयपुर, एजीटीएफ हनुमानगढ़, डीएसटी हनुमानगढ़/नोहर, कालिका यूनिट तथा जिले के विभिन्न पुलिस थानों की टीमें शामिल रहीं।

पुलिस ने चिन्हित युवकों के ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर तलाशी की कार्रवाई की, जिससे गैंगस्टरों और आपराधिक गिरोहों से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। 21 अगस्त को चलाए गए अभियान के दौरान दस्तयाब किए गए 15 युवकों में से हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र से 2, पीलीबंगा थाना क्षेत्र से 4, संगरिया थाना क्षेत्र से 2, रावतसर थाना क्षेत्र से 4, नोहर थाना क्षेत्र से 1 और भिरानी थाना क्षेत्र से 2 युवकों को दस्तयाब किया गया।
आपराधिक गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की नजर
एसपी बी आदित्य ने बताया कि जिले में गैंगस्टरों एवं आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में सक्रिय गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आपराधिक गतिविधियों को रोकना है।
