हनुमानगढ़। अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भादरा क्षेत्र में एक ट्रक से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 530 पेटियां बरामद की हैं। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फोम के गद्दों की आड़ में शराब को चंडीगढ़ से गुजरात सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने गुरुवार को एसपी कार्यालय के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि जिले में अवैध शराब एवं अंतरराज्यीय शराब तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भादरा पुलिस थाना की टीम कस्बे में गश्त कर रही थी।

गश्त के दौरान गोगामेड़ी पुलिस थाने के एएसआई प्रवीण कुमार और एजीटीएफ हनुमानगढ़ के कांस्टेबल सुरेंद्र खीचड़ ने पुलिस टीम को सूचना दी कि एक संदिग्ध ट्रक भादरा की ओर आ रहा है, जिसमें अवैध शराब भरी हुई है। सूचना पर भादरा पुलिस ने कैनाल कॉलोनी के पास ट्रक नंबर आरजे 49 जीए 3114 को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में फोम के गद्दों के नीचे छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 530 पेटियां बरामद हुईं। इनमें कुल 25440 पव्वे मिले। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों दलीप उर्फ दीपू (33) पुत्र रणजीत धाणक निवासी रोही नेठराना पीएस गोगामेड़ी और विक्रम (25) पुत्र कालूराम नायक निवासी शिव कॉलोनी, नेठराना पीएस गोगामेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी शराब तस्करी के मामले दर्ज
एसपी के अनुसार आरोपी दलीप उर्फ दीपू के खिलाफ गुजरात राज्य के कटवारा पुलिस थाना में पूर्व में शराब तस्करी का मामला दर्ज है और वह कुछ माह पहले ही जमानत पर बाहर आया था। वहीं आरोपी विक्रम के खिलाफ पाली जिले के रोहट पुलिस थाना में शराब तस्करी का मामला दर्ज है। वह भी कुछ माह पहले जमानत पर बाहर आया था। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी पिछले दो-तीन साल से शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप चंडीगढ़ से किसके इशारे पर लाई जा रही थी और गुजरात में इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
इस संबंध में भादरा थाने में राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों और शराब की सप्लाई से जुड़े लोगों के संबंध में भी विस्तृत अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई सुमेर सिंह, एएसआई जगदीश प्रसाद, एएसआई राजेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल राकेश कुमार तथा जिला साइबर सेल हनुमानगढ़ की टीम शामिल रही। वहीं गोगामेड़ी थाने के एएसआई प्रवीण कुमार, एजीटीएफ हनुमानगढ़ के कांस्टेबल सुरेन्द्र खीचड़ और अरविंद सिहाग की विशेष भूमिका रही। एसपी बी आदित्य ने कहा कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी की प्रभावी रोकथाम के लिए हनुमानगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

