ऐलनाबाद। जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा कि आमजन को घरेलू गैस सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए विभागीय टीमें फील्ड में सक्रिय हैं। प्रशासन के अनुसार जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और गत दिवस लगभग 7400 गैस सिलेंडरों का वितरण किया गया। प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किसी भी हालत में नहीं होना चाहिए। इसके अलावा सिलेंडरों पर ओवरचार्जिंग और डबल स्टॉकिंग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। इन मामलों पर नजर रखने के लिए विभागीय टीमें लगातार जांच कर रही हैं। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी गैस डीलरों को एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विपणन कंपनियों को प्रतिदिन जिला प्रशासन को स्टॉक और आपूर्ति से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि एएफएसओ के नेतृत्व में पांच टीमें जिले में लगातार निरीक्षण कर रही हैं। यदि कोई व्यक्ति बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी करने या गैस की कालाबाजारी करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
