हनुमानगढ़। गोगामेड़ी में गोगाजी मंदिर में दर्शन करने आए एक परिवार की वृद्धा के गले से अज्ञात महिलाओं की ओर से सोने की चेन चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गोगामेड़ी पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार हिसार (हरियाणा) के सेक्टर 14 निवासी संजय कुमार (32) पुत्र नरेंद्र सिंह ने थाना में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिवार के साथ गोगामेड़ी में गोगाजी के दर्शन करने आया था। दर्शन करने के बाद वह अपनी दादी सावित्री देवी के साथ भंडार गृह में आटा और शक्कर चढ़ाने गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य थोड़ी दूरी पर खड़े थे। इसी दौरान भंडार गृह की जालियों के पास कुछ अज्ञात महिलाओं ने मौका पाकर उसकी दादी सावित्री देवी के गले से सोने की चेन तोड़कर चोरी कर ली। घटना का पता चलने पर परिवार ने आसपास तलाश की, लेकिन आरोपितों का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक गजानंद कर रहे हैं। पुलिस की ओर से अज्ञात आरोपितों की तलाश की जा रही है।
