हनुमानगढ़। टाउन की नई आबादी क्षेत्र में एक युवक से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 8, चक 14 एसएसडब्ल्यू, कोहला निवासी संजय कुमार (26) पुत्र मनीराम जाट ने थाना में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उसके पास वीवो वाई-17 मोबाइल फोन था। पीड़ित ने बताया कि 9 मार्च को दोपहर करीब 12.35 बजे वह टाउन की नई आबादी गली नंबर 5 में अपनी बाइक के पास खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर मोटर साइकिल पर सवार रामू उर्फ बाबू और एक अन्य युवक वहां पहुंचे और उससे मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रामकुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
