हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला अस्पताल में दवाई लेने पहुंचे एक युवक की जेब से अज्ञात व्यक्ति की ओर से 20 हजार रुपए और जरूरी दस्तावेज चोरी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में टाउन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार चक 51000 आरडी जाखड़ांवाली पीएस पीलीबंगा निवासी नरेंद्र कुमार (30) पुत्र बलवंत जाट ने थाना में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि वह 27 जनवरी को दोपहर करीब 1 बजे टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला अस्पताल में डीसी नंबर 3 पर दवाई लेने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी जेब से 20 हजार रुपए नकद तथा आधार कार्ड और पैन कार्ड निकाल लिए। घटना का पता चलने के बाद पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन नकदी व दस्तावेजों का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई राजवीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।
