-सतीश पुनिया ने सांध्य चौपाल में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं की दी जानकारी
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को ग्रामीण अंचल तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “ग्राम रथ अभियान” के तहत शुक्रवार को जिले के विभिन्न गांवों में विकास रथ पहुंचे। हनुमानगढ़ दौरे पर आए जनप्रतिनिधि सतीश पुनिया ने मैनावाली में ग्राम रथ का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद किया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ विकसित राजस्थान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है। विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पहुंचे ग्राम रथों के जरिए ऑडियो-विजुअल माध्यम से मुख्यमंत्री का संदेश प्रसारित किया जा रहा है। रथों के माध्यम से कृषि, पशुपालन, सिंचाई, ऊर्जा, सहकारिता, पंचायतीराज, उद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन सहित 13 विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जा रही है। साथ ही “ग्राम-2026” के तहत आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में अधिकतम भागीदारी का आह्वान भी किया जा रहा है। संगरिया विधानसभा क्षेत्र के शेरेका गांव में आयोजित सांध्य चौपाल में सतीश पुनिया ने ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान का उद्देश्य खेती में नवाचार, कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पशुधन मंगल बीमा योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, डिग्गी अनुदान सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। पुनिया ने कहा कि ग्राम स्तर पर प्राप्त समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा तथा आवश्यक मामलों को राज्य स्तर तक पहुंचाकर निस्तारण करवाया जाएगा। अभियान के दौरान लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं क्विज प्रतियोगिताओं और संवाद कार्यक्रमों के जरिए भी जागरूकता बढ़ाई गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक गुरदीप शाहपीनी, जनप्रतिनिधि प्रमोद डेलू, अमित सहू, बलवीर बिश्नोई, दमयंती बेनीवाल, भारत भूषण, तथा जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे। मैनावाली तथा शेरेका में पुनिया ने कृषकों, पशुपालकों और महिलाओं से संवाद किया। कृषकों ने एमएसपी पर फसल खरीद से संबंधित समयसीमा और अधिकतम वजन के संबंध में समस्याओं से अवगत करवाया, जिस संबंध में पुनिया ने मंत्री से बात करते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके साथ ही वारदाना से संबंधित समस्याओं पर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर कृषकों ने बजट घोषणाओं में नहरों, माइनरों तथा खालों के जीर्णोद्धार के लिए विशेष बजट के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
