हनुमानगढ़। पूर्व सभापति सुमित रणवां ने टीम गणेश राज बंसल के ग्रामीण अंचल के कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों में पूरी ताकत के साथ जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ नगर परिषद में टीम गणेश राज बंसल का निर्दलीय बोर्ड बनाने में सहयोग किया, उसी प्रकार अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूरी मेहनत के साथ टीम के प्रत्याशियों को समर्थन देने का प्रयास करें। रणवां ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गांवों में होने वाले चुनावों में चाहे सरपंच पद हो, जिला परिषद जोन के डायरेक्टर का चुनाव हो या पंचायत समिति डायरेक्टर का चुनाव, सभी जगह टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशियों को जीताने के लिए पूरा जोर लगाया जाए और उन्हें अपना समर्थन दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार तथा पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप और उनके पुत्र अमित सहू की ओर से किए गए सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग का परिणाम उन्हें भुगतना पड़ेगा। रणवां ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता भी पंचायत चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और चुनावों को लेकर ग्रामीणों में सक्रियता बनी हुई है। पूर्व सभापति ने उम्मीद जताई कि पंचायत चुनावों में भी टीम गणेश राज बंसल को जनता का समर्थन मिलेगा और टीम को पूर्ण बहुमत हासिल होगा।
