– हथियारों से लैस होकर आए लोगों पर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
हनुमानगढ़। जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पड़ोसी सहित कई लोगों पर घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने, 48 हजार रुपए से भरा पर्स छीनने और मकान में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर वार्ड नंबर 55 निवासी सीताराम पुत्र रावताराम मेघवाल ने शुक्रवार को जंक्शन पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। रिपोर्ट में सीताराम ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाला महावीर पुत्र मनफूल भाट नशे की हालत में आए दिन गाली-गलौज और गली में हंगामा करता है। 17 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे महावीर गली में खड़ा होकर गालियां निकाल रहा था। जब उसने उसे रोकने का प्रयास किया तो महावीर उसके साथ हाथापाई करने लगा। मौके पर सुरेशिया पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी पहुंचे और समझाइश कर चले गए। सीताराम के अनुसार, रात करीब 10 बजे वह और उसके परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान महावीर, कृष्ण, कुलदीप, मीरा, ममता, समीर, सन्नी, कल्याण, दाना सहित 5-7 अन्य लोग हाथों में गंडासा, कुल्हाड़ी, तलवार, डंडे और पत्थर आदि लेकर एकराय होकर घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने जातिसूचक गालियां देते हुए सीताराम और उसके पुत्र सुनील पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सीताराम की छाती पर ईंट से वार किया, जबकि सुनील के हाथ पर तलवार तथा कमर पर ईंट से चोट मारी। इसके अलावा उसके पुत्र ईमीलाल और अनिल के साथ भी मारपीट की। मौके पर मंगलाराम, शिवकुमार, राकेश और मुकेश आदि के पहुंचने पर बीच-बचाव किया गया। सीताराम ने आरोप लगाया कि इसी दौरान आरोपी उसका पर्स छीनकर ले गए, जिसमें 48 हजार रुपए नकद थे। जाते समय आरोपियों ने मकान के गेट सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की तथा भविष्य में जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी ने घर में घुसकर जानलेवा हमला करने, जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने, रुपए छीनने, तोड़फोड़ और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
