हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने नहर किनारे घात लगाकर एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला करने के आरोप में तीन सगे भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार शैलेन्द्र सिंह (47) पुत्र सुमेर सिंह राजपूत निवासी चक 10 एमजेडब्ल्यू, जोधावाली ढाणी, ग्राम पंचायत रणजीतपुरा ने बताया कि वह 30 जून को शाम करीब 6.30 बजे लखूवाली से अपनी मोटर साइकिल पर घर लौट रहा था। जब वह नहर के पटरे से नीचे गांव की ओर जाने वाले रास्ते पर भानसिंह के खेत के पास पहुंचा तो वहां पहले से नहर के नीचे झाड़ियों में छिपे बैठे बंटी, नरेश और जलंधर, तीनों पुत्र इन्द्राज सुथार, ने उसकी मोटर साइकिल के सामने आकर उसे गिरा दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि बंटी के हाथ में कुल्हाड़ी तथा नरेश और जलंधर के हाथों में लाठियां थीं। बंटी ने शैलेन्द्र सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करने का प्रयास किया। बचाव के लिए हाथ आगे करने पर कुल्हाड़ी का वार उनके बाएं हाथ पर लगा, जिससे एक अंगुली टूट गई। इसके बाद नरेश और जलंधर ने लाठियों से उनकी पीठ पर हमला किया तथा आंख पर भी लाठी से चोट पहुंचाई। शोर सुनकर शैलेन्द्र सिंह की माता मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान नरेश पुत्र पप्पूराम सुथार, जो मजदूर है, ने घटना देखी और बचाने के लिए दौड़ा। कुछ ही देर बाद वेदप्रकाश बिश्नोई भी मौके पर पहुंच गया। दोनों के ललकारने पर आरोपी वहां से भाग निकले। जाते-जाते आरोपियों ने कथित रूप से धमकी दी कि ‘अबकी बार तुझे छोड़ेंगे नहींÓ और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर टाउन थाना पुलिस ने बंटी, नरेश और जलंधर पुत्र इन्द्राज सुथार के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण का अनुसंधान सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपा गया है।
