हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त एवं जिला कलक्टर के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में जिले में हथकढ़ शराब के खिलाफ संयुक्त रेड अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान गांव गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, अमरपुरा थेड़ी एवं नवां नहर क्षेत्र में दबिश दी गई। टीम ने मौके पर करीब चार हजार लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) नष्ट किया तथा 8 कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया।

अभियान के दौरान 2 अभियोग दर्ज किए गए तथा 10 पेटी देसी शराब जब्त की गई। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में हथकढ़ शराब की कशीदगी एवं बिक्री की रोकथाम के लिए निरंतर रेड एवं गश्त अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक आबकारी विभाग की ओर से कुल 562 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं, जो विभाग की सक्रियता और सख्ती को दर्शाता है। कार्रवाई में बीकानेर जोन उपायुक्त पोमाराम, भादरा प्रहराधिकारी वीरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, जमादार हुसैन खान मय जाब्ता सहित आबकारी टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। अभियान के माध्यम से विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
