ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिले में विभिन्न मामलों में वांछित भगोड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पी.ओ. स्टाफ सिरसा की टीम ने कार्रवाई करते हुए चेक बाउंस मामले में वांछित एक भगोड़ा आरोपी को काबू करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पी.ओ. स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जनक राज ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत द्वारा कई बार नोटिस जारी कर अदालत में पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बावजूद वह अदालत में हाजिर नहीं हुआ। अदालत के आदेशों की अवहेलना करने पर माननीय अदालत ने 14 जुलाई 2025 को आरोपी को भगोड़ा (पी.ओ.) घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन सिरसा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 209 के तहत मामला दर्ज किया गया था और इसकी जांच पी.ओ. स्टाफ सिरसा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पी.ओ. स्टाफ की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी गगनदीप पुत्र मदनलाल निवासी शांति नगर, सिरसा को शहर सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी कार्रवाई जारी है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
