हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18.75 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत मीनाक्षी के सुपरविजन तथा रामचंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज पुत्र कृष्णलाल अरोड़ा (25) निवासी वार्ड नंबर 04, नई खूंजा, हनुमानगढ़ जंक्शन को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 18.75 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना जंक्शन पुलिस थाना में अभियोग संख्या 179/2026 के तहत धारा 08/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच ज्योति द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचना जुटाने में पुरूषोत्तम सहायक उपनिरीक्षक और कांस्टेबल चन्द्रविजय शेखर की अहम भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल मेजर सिंह, कांस्टेबल योगेन्द्र कुमार, कांस्टेबल भीमसेन और चालक कांस्टेबल अजयब सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
