जयपुर। जयपुर जिले में एक वार्ड पंच द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। करीब छह महीने बाद मृतक का बनाया हुआ 8 मिनट 44 सेकेंड का सुसाइड वीडियो सामने आया है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोटखावदा थाना पुलिस के अनुसार बास विनोदी लालपुरा गांव निवासी वार्ड पंच नारायण लाल जाट (52) ने 21 सितंबर 2025 को आत्महत्या कर ली थी। उनका शव घर के पास खेत में एक बबूल के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मृतक के परिजनों ने उस समय हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी थी।

इस पर पुलिस ने मर्डर का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन में मरने से पहले बनाया गया 8:44 मिनट का सुसाइड वीडियो मिला। वीडियो में नारायण लाल जाट ने अपनी आत्महत्या के लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी छवि खराब करने के लिए राकेश कुमार, राजवीर जाट, अशोक जाट, छीतर जाट और प्रहलाद जाट उन्हें परेशान कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों की महिलाओं ने भी उनके साथ गलत व्यवहार किया और कई बार रास्ते में उनके ऊपर पत्थर फेंके गए। नारायण लाल ने वीडियो में यह भी कहा कि जब भी वह पुलिस के पास शिकायत लेकर गए, तब पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से पैसे लेकर उनकी बात नहीं सुनी। उन्होंने अंत में कहा कि वह इन परिस्थितियों से परेशान होकर आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गए हैं और ईश्वर को साक्षी मानते हैं।कोटखावदा थाना प्रभारी भरत लाल मीना ने बताया कि सुसाइड वीडियो सामने आने के बाद आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
