पीलीबंगा। पीलीबंगा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा अल सुबह करीब 5.30 बजे हांसलिया बस स्टैंड के नजदीक हुआ। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह मामूली खरोंचों के साथ सुरक्षित बच निकला। जानकारी के अनुसार, हांसलिया गांव से गोलूवाला पेट्रोल भरवाने जा रही कार के चालक ने सड़क पर अचानक सामने आए किसी जानवर को बचाने के लिए तत्काल ब्रेक लगाया। अचानक ब्रेक लगने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे गेहूं के खेत में पलट गई। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चालक को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह वाहन के सामने अचानक जानवर का आ जाना माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
