हनुमानगढ़। सूने मकान में घुसकर नकदी, जेवरात, मोबाइल फोन सहित अन्य कीमती सामान चोरी करने के मामले में सदर थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने इस प्रकरण में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच हैड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार की ओर से की जा रही है। जांच अधिकारी के अनुसार, परिवादी जीतसिंह पुत्र मिट्ठू मेघवाल निवासी चक 19 जेआरके, पक्काभादवां ने आठ जनवरी को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि वह 5 जनवरी को दोपहर करीब 1.30 बजे अपने परिवार के साथ पंजाब स्थित रिश्तेदारी में गया था। 7 जनवरी को घर लौटने पर मुख्य गेट का ताला सही मिला, लेकिन अंदर लॉबी का ताला टूटा हुआ था। जांच के दौरान पता चला कि घर में रखे संदूक से करीब 70 हजार रुपए नकद, पत्नी सुखप्रीत कौर के पर्स से 30 हजार रुपए, अन्य 5 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा दो चांदी की चेन चोरी हो गई थीं। साथ ही घर से आईफोन भी गायब मिला। शिकायतकर्ता को बाद में गोलूवाला निवासी पंकज कुमार ने सूचना दी कि गगनदीप पुत्र मनोहरलाल नाई तथा उसके भाई जगवीर, तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ आए थे और चोरी किया गया मोबाइल फोन उसके जानकार कृष्ण को बेच दिया। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान पहले ही गगनदीप को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा आईफोन और आर्टिफिशियल ज्वैलरी बरामद कर ली थी। अब बुधवार को पुलिस ने दूसरे आरोपी काकासिंह पुत्र कटार सिंह निवासी चक 19 जेआरके, पक्काभादवां को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी का पीसी रिमांड मंजूर करवाकर शेष चोरीशुदा सामान की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए हैं। थाना पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
