ऐलनाबाद। जिले में रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। गत दिवस जिले में कुल 6384 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। इनमें से 5087 घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से उपलब्ध कराए गए, जबकि 1297 उपभोक्ताओं ने सीधे गोदाम से सिलेंडर प्राप्त किए। जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमें लगातार गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर रही हैं और नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी ली जा रही है, ताकि कहीं भी गैस की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं से निर्धारित कीमत से अधिक राशि न वसूली जाए। यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति तय मूल्य से अधिक वसूली करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध उपयोग पर विभाग की कड़ी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके अलावा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला नियंत्रक ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं गैस आपूर्ति में कोई अनियमितता नजर आती है तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 01666-248422 पर दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ता केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर लें और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का भंडारण न करें।
संवाददाता- रमेश भार्गव
