ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार संपत्ति विरुद्ध अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला की रानियां थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण के आधार पर कार्रवाई करते हुए रानियां में ज्वेलर्स से ऑनलाइन ठगी करने के मामले में खरीदार सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना रानियां प्रभारी ने बताया कि रानियां निवासी इंद्रपाल पुत्र बलवीर सिंह, जो रानियां बाजार में ज्वेलर्स की दुकान चलाता हैं । उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिनांक 26 अगस्त 2025 को करीब 3 बजे अभिषेक नामक एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आया । उक्त व्यक्ति ने एक सोने की अंगूठी व एक जोड़ी सोने के टोपस खरीदे और कुल 82 हजार रुपये की ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कही । आरोपी ने मोबाइल पर पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाते हुए कहा कि एक घंटे के भीतर राशि आपके खाते में पहुंच जाएगी । काफी समय बीत जाने के बाद भी पीड़ित व्यक्ति के खाते में पैसे नहीं आए तो उसने संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने फोन काट दिया। बार-बार कॉल काटे जाने पर पीड़ित व्यक्ति को अपने साथ ठगी होने का संदेह हुआ । इसके बाद उसने तुरंत थाना रानियां में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक पुत्र सतपाल सिंह निवासी केशव बिहार,पेहवा जिला कुरुक्षेत्र को भी गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि ठगी से प्राप्त सोने के आभूषण मुदसीर अहमद को बेच दिए थे । पुलिस ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी की निशानदेही पर सैक्टर-70 मोहाली पंजाब में पंहुचकर खरीदार आरोपी मुदसीर अहमद पुत्र नासीर अहमद निवासी चिट्ठी बांदीपुरा, जम्मू-कश्मीर, हाल शिवाट खरड़, मोहाली, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर ठगी से प्राप्त किए गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
