हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने शनिवार को हनुमानगढ़ टाउन पुलिस थाना का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना स्टाफ के साथ बैठक कर थाना क्षेत्र में होने वाले अपराधों, कानून-व्यवस्था की स्थिति और पुलिस कार्यप्रणाली पर विस्तृत चर्चा की।

एसपी ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, जांच में तेजी लाने तथा थाने में पेंडेंसी कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।

निरीक्षण के दौरान थाने की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई और पुलिस कर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा।

