ऐलनाबाद। नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में आयोजित ‘जन संवाद’ कार्यक्रम में पहुंचे डीएसपी राज सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना रहा। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीएसपी ने कहा कि समाज को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने में जन सहयोग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने छोटे-मोटे आपसी विवादों को पंचायत स्तर पर सुलझाने की अपील की, ताकि गांव में भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बना रहे। उन्होंने ग्रामीणों से ‘ठीकरी पहरा’ व्यवस्था को आपसी सहमति से लागू करने का आह्वान किया और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की बात कही, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के मार्गदर्शन में सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस मुहिम से प्रेरित होकर विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, युवा क्लब और अन्य संगठन भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। डीएसपी राज सिंह ने भरोसा दिलाया कि आमजन की जान-माल की सुरक्षा पुलिस का सर्वोच्च दायित्व है और सिरसा पुलिस क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जमाल पुलिस चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामकुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
