हनुमानगढ़। रंजिश के चलते एक युवक पर देर रात डेयरी में घुसकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भादरा थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, परिवादी पंकज कुमार (19) पुत्र पवन शर्मा निवासी वार्ड 29, भादरा ने रिपोर्ट दी कि उसकी दूध डेयरी राजगढ़ बाइपास रोड पर स्थित है। 16 मार्च की रात वह डेयरी में अकेला सो रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, 17 मार्च को तड़के करीब 1.30 बजे आरोपी अनीश कुरेश पुत्र हसन खां, दिलशान, सोयब पुत्र मुस्ताक खां, समीर पुत्र सलीम, गुलफान पुत्र जाकिर, उसमान पुत्र सलीम, हिमांशु सिहाग पुत्र सम्पत सिहाग सहित दो अन्य युवक कार और मोटर साइकिलों में सवार होकर डेयरी में घुस आए और सो रहे पंकज पर डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि सोयब ने पंकज के सिर पर वार किया, जिसके बाद अन्य आरोपियों ने भी सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर लाठियों से हमला किया। गंभीर चोट लगने से पंकज जमीन पर गिर पड़ा। शोर सुनकर उसके पिता पवन कुमार, भाई कमल और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, तो आरोपी उसे मृत समझकर फरार हो गए। परिवादी के अनुसार, आरोपियों से डेयरी को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी और वे उसे क्षेत्र में डेयरी नहीं चलाने की धमकी देते थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
